रोहतक। बीएसबी (भालौठ सब ब्रांच) और जेएसबी (झज्जर सब ब्रांच) नहरों की तलहटी को पक्का किए जाने के विरोध में पिछले 20 दिनों से विभिन्न स्थानों पर चल रहे धरनों को शनिवार को ग्रामीणों ने स्थगित कर दिया।
प्रशासन की तरफ से किसानों और ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया। हालांकि, ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन या सरकार ने अपने वादों को पूरा नहीं किया तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।
किसान मजदूर मोर्चा के नेता रणधीर धामड़ ने बताया कि बीएसबी और जेएसबी नहरों पर पांच स्थानों पर धरने चल रहे थे। शुक्रवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों और धरना कमेटी के बीच हुई बैठक में लंबी चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बनी।
प्रशासन ने खुबडू हेड से कन्हेली हेड तक नहर की तलहटी को दोनों ओर केवल 10-10 फीट तक पक्का करने का आश्वासन दिया है। इसके आगे नहर की तलहटी को दोनों ओर केवल एक-एक फीट तक पक्का किया जाएगा, जबकि बीच के हिस्से को पहले की स्थिति में रखते हुए उसकी मरम्मत की जाएगी।
इसके अलावा हर पुल के पास घाट बनाने, नहर में उतरने के लिए बीच-बीच में सीढ़ियां लगाने तथा मोरियों के पास लोहे की सीढ़ियां स्थापित करने पर भी सहमति बनी है। इन आश्वासनों के बाद धरना कमेटी ने बैठक कर आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया।
इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन, अखिल भारतीय किसान सभा, प्रीत सिंह, सरपंच उमेद, सरपंच दलबीर, करतार, खुशी राम कान्ही, बलवान, प्रेम सुमित दलाल, अशोक राठी, हरकिशन, ओमप्रकाश कादयान टेका, लीलू व अशोक आदि मौजूद रहे।