संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। बदलते मौसम व प्रदूषण के कारण नागरिक अस्पताल में सांस के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इसके साथ ही खांसी, जुकाम व गले संबंधी परेशानी लेकर मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। दिवाली के बाद से ओपीडी में रोजाना 70 मरीज पहुंच रहे हैं। पहले यह संख्या करीब 40 थी। आमतौर पर रोजाना 250 मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचते हैं।
गले की समस्या को लेकर आने वाले मरीजों की संख्या में भी 15 प्रतिशत बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है।
बदलते मौसम में सांस संबंधी समस्या बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में लक्षण दिखते ही डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। बच्चों व बुजुर्गों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें।
डॉ. मंदीप, मेडिसिन विभाग।
शरीर को हाइड्रेट रखें
ईएनटी विभाग के डॉ. दीपक ने बताया कि बदलते मौसम के दौरान लोग पानी पीना कम कर देते हैं। ऐसा नहीं करना चाहिए। इस बदलते मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना चाहिए।
दिल के मरीज रखें ध्यान
डॉ. मंदीप ने बताया कि सर्दियों में हृदय के मरीजों को सांस संबंधी परेशानी बढ़ने की संभावना होती है। सदियों में खून का क्लोट बनने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे मेंं सांस संबंधी दिक्कत होते ही डॉक्टर के पास पहुंचे।
ये सावधानियां बरतें
घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें। सर्दियों में भी अधिक पानी पीएं। सांस संबंधी समस्या के लक्षण दिखते ही इलाज लें। बच्चे व बुजुर्ग विशेष ध्यान रखें। रात में एसी न चलाएं व फ्रीज में रखा खाना खाने से बचें। प्रदूषण को देखते हुए आंखों को कई बार पानी से धोएं। बच्चों को पूरे कपड़े पहनाकर ही बाहर भेजें।
12...नागरिक अस्पताल की ओपीडी में जांच करवाने पहुंची मरीजों की भीड़। संवाद