माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। नगर निगम लंबे समय से ठप पड़ी किला रोड की अंडर ग्राउंड शहीद भगत सिंह पार्किंग को चालू करेगा। इसके लिए सोमवार या मंगलवार को पार्किंग संचालन का कार्य ठेके पर देने के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। निगम की तरफ से पार्किंग को ठेके पर दिया जाएगा। इसके लिए 10 रुपये प्रति दोपहिया वाहन पार्किंग फीस तय की गई है।
शुक्रवार को निगम आयुक्त डाॅ. आनंद शर्मा ने पार्किंग स्थल का दौरा किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 2010 में दिल्ली गेट में बने पार्क को खत्म कर वाणिज्यिक भवन एवं अंडरग्राउंड पार्किंग बनाने का काम शुरू हुआ।
4 अप्रैल 2017 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसका उद्घाटन किया था मगर आज तक नगर निगम इसे चालू नहीं करा सका। करीब आठ माह पहले निगम ने 43 लाख रुपये का नया टेंडर जारी किया। इसमें रैंप को ठीक करने, गंदे पानी की लीकेज रोकने व लाइटिंग का काम किया गया है।
............
व्यापारियों ने फ्री में मांगी पार्किंग
किला रोड बाजार के व्यापारियों, उनके कर्मचारियों व ग्राहकों के दोपहिया वाहन बाजारों के बीचोबीच या भिवानी स्टैंड की तरफ पुल के नीचे नहीं खड़े होने दिए जाएंगे। प्रशासन से मांग है कि व्यापारियों के लिए पार्किंग फ्री में की जाए। कहा कि इसके लिए वे पूरा सहयोग करेंगे।
....
इन लोगों को मिलेगी सुविधा
भगत सिंह पार्किंग शुरू होने से किला रोड बाजार, दिल्ली गेट, बड़ा बाजार, किला मोहल्ला, कलालान मोहल्ला, भिवानी स्टैंड व झज्जर मोड़ तक के व्यापारियों व ग्राहकों को सीधा फायदा मिलेगा। अभी वे अपने दोपहिया वाहन एलिवेटेड रोड के नीचे खड़ा कर रहे थे।
पार्किंग स्थल को आधुनिक, स्वच्छ एवं उपयोगी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य करवाए गए हैं। परिसर में व्हाइट वॉश कर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाया गया है। इलेक्ट्रिकल कार्यों के तहत समुचित रोशनी की व्यवस्था की गई है। जल्द टेंडर जारी कर ठेके पर पार्किंग का संचालन दिया जाएगा।
-डाॅ. आनंद शर्मा, आयुक्त नगर निगम
.......
पार्किंग किला रोड बाजार के व्यापारियों के लिए बनाई गई थी। एक व्यापारी को दिन में कई बार आना-जाना पड़ता है। हर बार पार्किंग फीस देने लगे तो दुकानदारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। प्रशासन व्यापारियों के लिए पार्किंग फ्री करे। निगम प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
- दीपक पुनियानी, प्रधान किला रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन