रोहतक। कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की मां सविता ने सरकार से अपनी बेटी की हत्या की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। कहा, पुलिस लीपापोती करके मुख्य आरोपी को बचा रही है। केस की जांच सीबीआई को दे दी जाए तो कांग्रेस नेताओं की भूमिका सामने आ जाएगी।
दिल्ली बीएसएफ कैंप में रह रहीं सविता नरवाल फोन पर बातचीत करते हुए भावुक हो गईं। कहा, मेरी बेटी को इंसाफ नहीं मिल रहा है। केस में अब भी पहली वाली ही स्थिति है। कहीं कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। कांग्रेस पहले ही साथ नहीं दे रही थी। पुलिस भी सहयोग नहीं दे रही है।
विज्ञापन
कहा, मेरे साथ कोई नहीं है इसलिए दो दिन पहले सोशल मीडिया के जरिये सरकार से सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। इसमें कांग्रेस नेताओं की भूमिका शुरू से ही संदिग्ध रही है। मुझे पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है। सीबीआई जांच करे तो सारी असलियत सामने आ जाएगी।
सूटकेस में मिला था हिमानी का शव
राहुल गांधी की पदयात्रा के दौरान चर्चा में आईं हिमानी की 27 फरवरी की रात हत्या की गई थी। शव को सूटकेस में डालकर सांपला बस स्टैंड के पास झाड़ियों में फेंका गया था। पुलिस 1 मार्च को शव खोज पाई और 5 मार्च को बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव खैरपुर के सचिन को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, वह हिमानी के साथ रिलेशनशिप में था। इसी ने हिमानी की गला दबाकर हत्या की। सीसीटीवी फुटेज में वह शव वाले सूटकेस को घसीटते दिखा था। फिलहाल मामला अदालत में विचाराधीन है।