कलानौर। कलानौर नगर पालिका की प्रस्तावित हाउस की बैठक एक बार फिर स्थगित कर दी गई। इस बैठक में अधिनियम 1973 की धारा 35 (आई) के तहत किए गए प्रस्तावों की पुष्टि व अनुमोदन किया जाना था लेकिन नपा सचिव के अवकाश पर होने के कारण बैठक स्थगित कर दी गई।
बैठक में तालाबों से पानी की निकासी के लिए पंपिंग स्टेशन के लिए भूमि देने, स्वतंत्रता सेनानी श्योचंद व चमन लाल चावला के नाम से स्वागत द्वार निर्माण, रविदास मंदिर व वाल्मीकि आश्रम के साइन बोर्ड लगवाने, शिव मंदिर से श्मशान घाट तक सड़क ऊंची करने, वार्ड 1 में नए श्मशान घाट के लिए भूमि चिह्नित करने तथा वार्ड 2 में श्मशान घाट के सुंदरीकरण जैसे अहम एजेंडों पर चर्चा होनी थी।
हरप्रीत सिंह जुनेजा, प्रवीण कुमारी, रामबीर सहित पार्षदों ने कहा कि बैठक स्थगित होने से नपा क्षेत्र में विकास का पहिया थम गया है। पार्षदों के अनुसार पिछले करीब आठ महीने से कोई नए विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी नहीं हुए हैं।
स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण छुट्टी पर हूं। इसकी जानकारी नगर पालिका अध्यक्ष को दी गई है। आगामी बैठक में सभी मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। -विनय कुमार, नपा सचिव कलानौर।
हाउस की बैठक नपा सचिव की तबीयत बिगड़ने से स्थगित की गई है। उनके स्वास्थ्य खराब की जानकारी प्राप्त हुई थी। सभी पार्षदों की सहमति से बैठक रद्द की गई है। -निर्मला देवी नपा अध्यक्ष कलानौर