सांपला(रोहतक)। सांपला थाना क्षेत्र के एक युवक ने 12 वर्षीय बच्ची का अपहरण करने के एक घंटे बाद उसे चाकू घोंपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्ची को आरोपी गंभीर हालत में घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर सांपला थाना पुलिस ने आरोपी पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, एक प्रवासी परिवार सांपला थाना क्षेत्र में रह कर मजदूरी करता है। बुधवार सुबह राजू नाम के व्यक्ति ने मजदूरी कराने के लिए पीड़ित के घर पर आवाज लगाई। आवाज सुनाकर बच्ची गेट पर पहुंची तो आरोपी कपड़े से मुंह दबा बच्ची को कार में बैठाकर ले गया। करीब एक घंटे बाद आरोपी खून में लथपथ बच्ची को घर के पास छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया व जांच शुरू की। संवाद