रोहतक। नगर निगम के नए ज्वाइंट कमिश्नर विजय सिंह ने मंगलवार को कार्यालय की अलग-अलग ब्रांच का औचक निरीक्षण किया। स्ट्रीट लाइट कंट्रोल रूम से शिकायतकर्ताओं को कॉल करके पूछा, बताएं आपकी लाइट ठीक हुई या नहीं। इसके बाद ठेकेदार को हिदायत दी कि तय समय सीमा में काम होना चाहिए। ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्ट्रीट लाइट शिकायत नंबर 7027845050 व 8059988940 को दें, ताकि शहरवासियों को परेशानी न हो।
चार दिन पहले प्रदेश सरकार ने जिला परिषद के सीईओ विजय सिंह को नगर निगम का संयुक्त आयुक्त नियुक्त किया था। जबकि महेश कुमार को उनकी जगह भेजा था। विजय सिंह ने कार्यभार संभाल लिया है। मंगलवार दोपहर वे अचानक कार्यालय के अंदर मौजूद सभी ब्रांचों में पहुंचे। सबसे पहले प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच में मौजूद लोगों से बात की। लोगों ने बताया कि वे रिकार्ड में त्रुटियों के चलते काफी परेशान हैं। वहां से नागरिक सुविधा केंद्र का जायजा लिया। सुविधा केंद्र में कई काउंटर पर वार्ड का नंबर नहीं लिखा था, जिस पर संयुक्त आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। वहां से संयुक्त आयुक्त रिकाॅर्ड रूम, इंजीनियरिंग ब्रांच, अकाउंट ब्रांच, लीगल हेड ब्रांच के अलावा पार्किंग स्थल व कार्यालय के बाहर का निरीक्षण किया।
निगम कार्यालय में बनाए व्यवस्थित तरीके से पार्किंग
ज्वाइंट कमिश्नर ने कर्मचारियों को हिदायत दी कि कार्यालय परिसर में खड़े ट्रैक्टर-ट्राली व जीप को दूसरी जगह खड़ी करवाएं, ताकि आम लोगों को पार्किंग के लिए जगह निकल सके। इसके अलावा पार्क की हालत पर जेसी ने चिंता व्यक्त की।
पीने का पानी तक नहीं निगम में, आरओ जल्द बदलवाएं
लोगों ने ज्वाइंट कमिश्नर को बताया कि निगम कार्यालय में पीने का पानी तक नहीं है। प्यासे ही आम लोग इधर से उधर भटकते रहते हैं। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट कमिश्नर ने कर्मचारियों को हिदायत दी कि वे जल्द खराब पड़े आरओ को बदलवाएं।
स्टोर में नहीं मिली सफाई, कैंटीन संचालक को भी हिदायत दी
संयुक्त आयुक्त स्टोर रूम में पहुंचे, जहां अंदर ही साइकिल खड़ी थी। उन्होंने सफाई की हिदायत दी, साथ ही कैंटीन की हालत पर चिंता व्यक्त की। कोने में पड़े कचरे को हटाने को कहा।
काउंटर पर नहीं लिखा मिला वार्ड नंबर
संयुक्त आयुक्त ने जब नागरिक सुविधा केंद्र की जांच की तो प्रॉपर्टी टैक्स ठीक कराने के लिए बनाए गए काउंटर नंबर 9 पर यह नहीं लिखा था कि यहां कौन-कौन से वार्ड के लोग शिकायत दे सकते हैं। संयुक्त आयुक्त ने कर्मचारियों को हिदायत दी कि छोटी-छोटी कमियों को तत्काल दूर करें।
उन्होंने अभी ज्वाइन किया है। निगम के कामकाज को समझने व छोटी-छोटी कमियों को दूर करने के लिए ब्रांचों का निरीक्षण किया है। कहीं ज्यादा दिक्कत नहीं मिली।
विजय सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर, नगर निगम