महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के वाणिज्य व होटल मैनेजमेंट विभागों में पहली बार लिखित परीक्षा के आधार पर प्रवेश होंगे। अब तक यहां मेरिट आधार पर प्रवेश होते रहे हैं। एमडीयू प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया को बेहतर बनाने की ओर कदम उठाते हुए मेरिट की जगह लिखित परीक्षा की व्यवस्था की है।
एमडीयू की नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत दो वर्षीय व पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्सों की विवरणिका जारी कर दी गई हैं। इनमें तीन, चार, पांच व छह वर्षीय कोर्स में आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई व पीजी, एलएलबी, बीपीएड, यूटीडी, संस्थान, केंद्र, एमडीयू व सेंटर फोर प्रोफेशनल एंड एलाइड स्टडीज गुरुग्राम के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 6 जून तय की गई है। हरियाणा बोर्ड व सीबीएसई की 12वीं कक्षा का परिणाम आने के बाद एमडीयू में दाखिले के लिए विद्यार्थियों ने आवेदन शुरू कर दिए हैं। इस बार सभी कोर्सों व विभागों में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा ली जाएगी। इसके आधार पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। विवि ने परीक्षा संबंधी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके तहत परीक्षा शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है।
नैक से बेहतर ग्रेड दिलाएगी नई व्यवस्था
एमडीयू ने प्रवेश प्रक्रिया के तहत नई व्यवस्था करते हुए सभी विभागों में लिखित परीक्षा की अनिवार्य कर दी है। इसका लाभ नैक से एक्रीडेशन लेने के लिए आवेदन करते समय मिलेगा। चूंकि विवि में परीक्षा के आधार पर निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से प्रवेश दिया जा रहा है। ऐसे में एक्रीडेशन के समय विवि को इसके लिए अलग से अंक मिलेंगे। ये अंक बेहतर एक्रीडेशन दिलाने में अहम हैं।
एमडीयू में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत सभी कोर्सों में लिखित परीक्षा के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। यह नई व्यवस्था नैक एक्रीडेशन में भी अधिक अंक दिलाने में लाभदायक साबित होगी। इससे विश्वविद्यालय को ग्रेड के लिए मिलने वाले अंकों का ग्राफ बेहतर होगा। विद्यार्थियों को भी प्रवेश की निष्पक्ष व पारदर्शी व्यवस्था मिलेगी।
प्रो. गुलशन तनेजा, कुलसचिव, एमडीयू।