संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। ईरान विवाद के कारण बन रहे तनाव से देश के सूखे मेवा बाजार पर भी असर नजर आने देने लगा है। काजू, बादाम, पिस्ता, अखरोट व मखाना के दामों में अचानक उछाल आया है। सर्दियों में सूखे मेवों की मांग ज्यादा होने के साथ ईरान से सूखे मेवे की सप्लाई रुक गई है। इससे सूखे मेवे के दाम 40 से 80 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं।
यही नहीं, आने वाले दिनों में ईरानी तनाव से मेवा बाजार और गर्म हो सकता है। महंगाई को लेकर आम उपभोक्ताओं से बातचीत की तो उन्होंने गहरी चिंता जाहिर की।
अमेरिका के टैरिफ का असर बाजार पर पड़ेगा। फिलहाल तेजी या मंदी कुछ नहीं है। थोड़ा उतार-चढ़ाव रहता है, यह वही है। बादाम के दिल्ली के दाम 840 रुपये प्रति किलो है। यह रोहतक होलसेल में 870 के आसपास बिक रहा है। बादाम के खुदरा दाम 800 से 900 रुपये के आसपास है। ईरान की मामरा बादाम गिरी में दस प्रतिशत की तेजी आई है। यह 15 दिन पहले 3200 रुपये किलो बिक रही थी। अब यह 3500 रुपये किलो पहुंच गई है। टैरिफ के कारण यह तेजी आई है। पिस्ता 1150 रुपये किलो से बढ़कर 1350 रुपये प्रति किलो हो गया है।
- मनू पंसारी
-
ईरान से होने वाला आयात प्रभावित होने से बाजार में मेवे की सप्लाई घट गई है। इसका सीधा असर मनका, बादाम, अखरोट, मखाना, बादाम गिरी व पिस्ता पर पड़ा है। लगभग हर सूखे मेवे के दाम में 40 से 70 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोत्तरी हो चुकी है। खासकर बड़े पिस्ता, अखरोट व बादाम के रेट में सबसे ज्यादा फर्क देखने को मिल रहा है।
- यशपाल चांदना, मेवा व्यापारी
-
पुराना स्टॉक खत्म होते ही और बढ़ेगी महंगाई
मेवे का अभी पुराना स्टॉक मौजूद है। इसके चलते दाम अभी ज्यादा नहीं बढ़े हैं। यह स्टॉक खत्म होने व नया माल आने पर दाम बढ़ना स्वाभाविक है। आने वाले 15 दिनों में मेवे की कीमतों में तेजी आने की संभावना है। नया आयात महंगा पड़ने से खुदरा बाजार पर बोझ बढ़ेगा। यह सीधे रूप से ग्राहकों पर ही असर डालेगा।
- नीटू, मेवा विक्रेता, मॉडल टाउन
सर्दी व शादी के सीजन में बढ़ी मांग
सर्दियों में सूखे मेवों की मांग अधिक रहती है। सेहत के लिए गुणकारी मेवे का खूब इस्तेमाल होता है। साथ ही शादी-विवाह व अन्य आयोजनों में ड्राई फ्रूट खाने व उपहार के रूप में उपयोग में लाए जाते हैं। इससे भी मांग बढ़ जाती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गड़बड़ाए हालात सामान्य होने तक सूखे मेवों की कीमतों में कमी आने या राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
सूखे मेवे की सर्दी में खरीद हो रही है। पिछले माह बादाम 800 रुपये किलो के भाव खरीदे थे। अब यह 860 रुपये के आसपास पहुंच गया है, इसलिए एक किलो के बजाय आधा किलो ही खरीदे हैं। लड्डू में इन्हीं से काम चल जाएगा। दाम कम होंगे तो बाद खरीद लेंगे।
- वंदना, सैनीपुरा, ग्राहक
बच्चों व युवाओं के लिए सर्दी में मेवे का सेवन जरूरी है, इसलिए घर में इनकी खरीद करते रहते हैं। बच्चों को काजू पसंद है, इसलिए अभी 900 रुपये में एक किलो खरीदी है। ये पिछले महीने के मुकाबले इस बार 150 रुपये में महंगे मिले हैं। दुकानदार ने अभी दाम और बढ़ने की बात की है।
- मनीषा, रेलवे रोड, ग्राहक
41...झज्जर रोड पर एक दुकान से ड्राई फ्रूट लेते ग्राहक। संवाद
41...झज्जर रोड पर एक दुकान से ड्राई फ्रूट लेते ग्राहक। संवाद