रोहतक। शहर के कैलाश कॉलोनी निवासी होटल संचालक सुमित के हत्यारोपियों की छह दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर शुक्रवार को पीड़ित परिजन एसपी नरेंद्र बिजारणिया से मिले। इतना ही नहीं, छह दिन बाद भी आरोपियों पर एससी-एसटी एक्ट नहीं लगाने पर परिजनों ने थाना प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
अजमेर सिंह ने एसपी को दी शिकायत में बताया था कि 27 जुलाई को पाकस्मा निवासी रौनक राणा व उसका साथी विशाल ग्रेवाल भतीजे सुमित को घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद आरोपियों ने उसकी लाठी-डंडों व रॉड से पीटकर हत्या कर दी। आरोपी शव को मान अस्पताल में छोड़कर भाग गए।
एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने परिजनों काे आश्वासन दिया कि जल्दी ही पुलिस की टीमें हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर केस में एससी-एसटी एक्ट जोड़ देगी।
छह दिन में फोन की लोकेशन ट्रेस नहीं कर पाई पुलिस
अजमेर सिंह ने कहा कि सुमित की हत्या हो के छह दिन बाद भी पुलिस की दो टीमें आरोपी रौनक राणा व उसके साथी विशाल ग्रेवाल की मोबाइल लोकेशन ट्रेस नहीं कर पा रही है। वहीं, हत्यारोपी कैमरों में साफ नजर आ रहे हैं लेकिन पुलिस उनको पकड़ नहीं पा रही है।
-
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दोनों टीमें दबिश दे रही है।ं वहीं, परिजनों की ओर से जाति प्रमाण पत्र देने के बाद एससी-एसटी एक्ट की धारा जोड़ दी जाएगी।
- बिजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी आर्य नगर