संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी रोहतक डिपो बस स्टैंड कार्यालय में मंगलवार को बैठक हुई। रोडवेज महाप्रबंधक विपिन कुमार ने 24 सितंबर के मांग पत्र के अनुसार कर्मचारियों की सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी 16 अक्तूबर को होने वाला धरना टाल दिया है।
डिपो प्रधान सुरेश नेहरा ने बताया कि 24 सितंबर को कर्मचारियों की मांगों को लेकर महाप्रबंधक को मांग पत्र दिया था और 15 तक समाधान न होने पर धरना देने के चेतावनी दी थी। इसके बाद रोडवेज महाप्रबंधक ने कर्मचारियों के साथ बैठक कर मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने बताया कि रात्रि बिलों के भुगतान के लिए 13 अक्तूबर को लगभग 1.41 करोड़ रुपये आए हुए हैं। एक सप्ताह के अंदर सभी बिलों का भुगतान कर दिया जाएगा। परिचालकों के लंबित एसीपी के सभी परिचालकों के केस तैयार है।
किलोमीटर स्कीम की बसों में सफाई न होना, निर्धारित स्टैंड पर ना रोकना, पुल के ऊपर से गाड़ी ले जाने की शिकायत परिचालक की ओर से करने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। सिटी बस सर्विस में परिचालक की सीट निर्धारित कर दी गई है। प्राइवेट बसों को बस स्टैंड के अंदर 20 मिनट पहले ही आने दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कोई अन्य मांगों पर भी सहमति बनी है।