फोटो 19 महेंद्रगढ़ रोड पर काटा गया हरा पेड़।संवाद
नारनौल। नारनौल के महेंद्रगढ़ रोड पर हरे पेड़ की कटाई का मामला सामने आने के बाद वन विभाग हरकत में आ गया है। महेंद्रगढ़ रोड स्थित बिजली पावर कार्यालय के सामने हुए इस प्रकरण को लेकर वन राजिक अधिकारी ने जांच शुरू करवा दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना जनवरी की बताई जा रही है लेकिन हैरानी की बात यह है कि विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। अब जब हाल ही में इस मामले की सूचना वन विभाग तक पहुंची तो अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे वन विभाग की लापरवाही या मिलीभगत से जोड़कर देख रहे हैं तो वहीं कुछ का मानना है कि किसी ने जानबूझकर पेड़ कटवाया है।
फिलहाल वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि पेड़ किसने और किन परिस्थितियों में कटवाया। अधिकारी का कहना है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि चर्चा यह भी है कि इस पेड़ को कटवाने के लिए कुछ रुपये का लेनेदेन हुआ है। अब इसकी जांच करवाई जा रही है जिसके बाद ही पेड़ किसने कटवाया स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वर्जन:
संबंधित पेड़ जनवरी में ही काटा गया था। उस समय वे नारनौल में तैनात नहीं थे जिसके चलते उन्हें इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। उनके यहां कार्यभार संभालने के बाद मामला संज्ञान में आया जिसके बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-रजनीश कुमार, वन राजिक अधिकारी नारनौल।