कलानौर। एसडीएम की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण नगर पालिका के वाइस चेयरमैन का चुनाव सोमवार को नहीं हो सका। हालांकि, निर्दलीय प्रत्याशी का दावा है कि भाजपा पार्षदों का कोरम पूरा न होना इसकी मुख्य वजह है। भाजपा प्रत्याशी इस बात से इन्कार कर रहे हैं। एसडीएम का कहना है कि जल्द चुनाव के लिए दोबारा तिथि तय की जाएगी।
नगर पालिका में 16 पार्षद हैं। साथ ही नपा की चेयरपर्सन का चुनाव जनता ने सीधा वोट डालकर किया था। अब पार्षदों में से किसी एक को वाइस चेयरमैन बनाया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका ने पत्र जारी करके महिला पार्षद प्रियंका पुनियानी को पार्टी की तरफ से प्रत्याशी घोषित किया गया।
वहीं, निर्दलीय पार्षद प्रवीण कुमारी व हरप्रीत सिंह जुनेजा ने भी चुनाव लड़ने का निर्णय लिया था। एक दिन पहले सोमवार को एसडीएम रोहतक आशीष कुमार की मौजूदगी में वाइस चेयरमैन का चुनाव कराया जाना था। निर्दलीय पार्षद व अन्य सुबह कार्यालय में पहुंच गए लेकिन भाजपा पार्षद नहीं पहुंच पाए।
बाद में सूचना जारी की गई कि वाइस चेयरमैन के चुनाव को लेकर होने वाली बैठक रद्द की जाती है क्योंकि एसडीएम की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
चुनाव के लिए उनका कोरम पूरा था लेकिन भाजपा का कोरम पूरा नहीं हो रहा था। ऐसे में जानबूझकर चुनाव रद्द करवाया गया है। -प्रवीण कुमार, प्रत्याशी एवं निर्दलीय पार्षद।
मेरा कोरम पूरा था। इसकी भनक दूसरे प्रत्याशियों को लग गई। इस कारण बैठक को रद्द करवा दिया गया। -हरप्रीत सिंह जुनेजा, प्रत्याशी एवं निर्दलीय पार्षद।
भाजपा की तरफ से वाइस चेयरमैन के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी पार्षदों का कोरम पूरा था। तबीयत ठीक न होने के कारण एसडीएम नपा कार्यालय नहीं आ सके। इसकी वजह से चुनाव रद्द हो गया। -प्रियंका पुनियानी, भाजपा पार्षद एवं प्रत्याशी ।
एसडीएम आशीष कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके चलते चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने के लिए नहीं पहुंच पाए। उन्होंने यह जानकारी फोन पर सांझा करते हुए आगामी तारीख पर चुनाव करवाने की बात कही है। -विनय कुमार, सचिव, नगर पालिका ।
नपा में पार्षदों की स्थिति
नपा में 16 पार्षद हैं जबकि एक चेयरमैन का मत है। इनमें अनुसूचित जाति के 8, सामान्य वर्ग के 5 और ओबीसी के तीन पार्षद हैं।