महम शहर में पुराने बस स्टैंड पर रेहड़ी पर बजता स्पीकर। संवाद
- फोटो : संवाद
महम। शहर में फल व अन्य सामान बेचने वाली रेहड़ियों पर लगे कानफोड़ू लाउडस्पीकर शहरवासियों के लिए सिर दर्द बन रहे हैं।संचालक बिना अनुमति के लाउड स्पीकरों का प्रयोग कर रहे हैं। इससे दुकानदारों व ग्राहकों का जीना हराम हो गया है। दुकानदारों का कहना है कि नगर पालिका अधिकारियों को इस बारे में कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन प्रशासन सुस्त रवैया अपनाए है।
कस्बे के पुराने बस स्टैंड, आजाद चौक, नया बाजार आदि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कुछ रेहड़ी संचालक स्पीकर तेज आवाज में चलाकर छोड़ देते हैं। इससे दुकानदार व ग्राहक दोनों परेशान हैं। दुकानदारों ने प्रशासन से इन पर तुरंत रोक लगाने की गुहार लगाई है।
नपा सचिव नवीन नांदल का कहना है कि यह हमारे संज्ञान में नहीं है। न ही किसी ने अभी तक शिकायत की है। इस तरह का अगर कोई भी स्पीकर बजाता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए टीम गठित कर दी गई है।