रोहतक। दिल्ली गेट स्थित शहीद भगत सिंह कॉम्प्लेक्स और अंडरग्राउंड पार्किंग को चालू करने के लिए नगर निगम 43.24 लाख रुपये खर्च करेगा। इसके लिए सोमवार को टेंडर लगाया जाएगा। इसमें अंडर ग्राउंड पार्किंग के रैंप पर दोपहिया वाहन चढ़ाने व उतारने के लिए नई टाइलें लगाई जाएंगी। साथ ही, पानी निकासी के लिए पंप लगाया जाएगा।
कांग्रेस की हुड्डा सरकार के दूसरे कार्यकाल में 2011 में भगत सिंह पार्किंग की जगह सात करोड़ की लागत से कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स कम पार्किंग का निर्माण शुरू हुआ था। नगर निगम ने पीडब्ल्यूडी की बीएंडआर ब्रांच से कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया था। अप्रैल 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसका उद्घाटन किया।
2019 में निगम ने जद्दोजहद के बाद कॉम्प्लेक्स व पार्किंग को किराये पर देने का प्रयास किया। इसके लिए खुली बोली लगाई गई लेकिन कोई व्यापारी आगे नहीं आया। छह साल से कॉम्प्लेक्स धूल फांक रहा है।
पूरी बिल्डिंग के बदले जाएंगे उपकरण
बिल्डिंग की अंडरग्राउंड पार्किंग में 300 से ज्यादा दोपहिया वाहन खड़े करने की जगह है। भूतल पर 10 से 15 चारपहिया वाहन खड़े होंगे। प्रथम व द्वितीय तल पर खुले हॉल हैं। निगम ने पूरी बिल्डिंग के बिजली उपकरण बदलने का निर्णय लिया है। दीवारों पर सफेदी कराई जाएगी। भूतल पर दो शौचालय नए सिरे से बनाए जाएंगे।
14 साल में सात करोड़ खर्च, आमदनी एक रुपया नहीं
निगम की ओर से 2011 में सात करोड़ की लागत से कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू कराया गया। 2017 में उद्घाटन के बाद 2019 में निगम ने कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग को चालू करने का प्रयास किया। दुकानदारों ने फ्री में पार्किंग मांगी तो कॉम्प्लेक्स के रेट ज्यादा होने के कारण व्यापारी लीज या किराये पर दुकानें लेने आगे नहीं आए। अब निगम 43.24 लाख रुपये खर्च कर कॉम्प्लेक्स को चालू करने का प्रयास कर रहा है।
वर्जन
शहीद भगत सिंह कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग में मरम्मत करवाई जाएगी। इसके लिए सोमवार को टेंडर लगाया जाएगा। काम पूरा होने के बाद पहले पार्किंग को चालू किया जाएगा। इसके बाद कॉम्प्लेक्स को लेकर मुख्यालय से मार्गदर्शन लेकर निर्णय लिया जाएगा।
-डॉ. आनंद शर्मा, आयुक्त नगर निगम