संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। महाराजा अग्रसेन चौक पर अतिक्रमण हटाने को लेकर बुधवार शाम करीब 5 बजे दुकानदारों और नगर निगम टीम के बीच जमकर हंगामा हुआ। नौबत यहां तक पहुंची कि एक दुकानदार ने टीम पर हाथापाई का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर काॅल कर दी। मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनकर मामला शांत कराया।
नगर निगम की ओर से शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को नगर निगम की टीम प्रताप चौक, भिवानी स्टैंड, रेलवे रोड पर पहुंची।
रेलवे रोड स्थित महाराजा अग्रसेन चौक पर अतिक्रमण हटाने के दौरान टीम और दुकानदार उलझ गए और करीब आधा घंटे तक यहां हंगामा होता रहा। इस दौरान यहां राहगीरों की भीड़ भी एकत्रित हो गई। दुकानदारों बिना बताए सामान उठाने का आरोप लगाया तो वहीं टीम ने बताया कि नगर निगम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है।।
भू-अधिकारी संदीप बतरा की देखरेख में नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण जैसे फ्लैक्स बोर्ड, फुटपाथों पर रखा सामान, काउंटर, डमी, बड़े बर्तन, यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे 25 दुकानदारों का सामान जब्त किया गया।