रोहतक । संपत्तिकर बकाया पर ब्याज माफी की विशेष छूट को देखते हुए नगर निगम कार्यालय इस माह अवकाश के दिनों में भी अन्य कार्य दिवसों की तरह खुला रहेगा। करदाता 27 से 29 जून तक संपत्तिकर जमा कर सकेंगे।
नगर निगम के अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि करदाताओं की सुविधा और ब्याज माफी योजना के तहत यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक नगर निगम को संपत्तिकर के रूप में करीब 7.31 करोड़ रुपये, फायर टैक्स के रूप में लगभग 40.45 लाख रुपये और यूजर चार्ज के रूप में 91.03 लाख रुपये से अधिक की वसूली हो चुकी है।
अधिकारी ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से 2010-11 से 2024-25 तक के बकाया संपत्तिकर पर 100 प्रतिशत ब्याज माफी की विशेष छूट दी जा रही है, जो 30 जून तक लागू रहेगी। यह छूट उन संपत्तिधारकों को मिलेगी जो बकाया कर का भुगतान कर एनडीसी पोर्टल पर अपनी संपत्ति की जानकारी खुद प्रमाणित करेंगे। इसके अलावा चालू वित्त वर्ष 2026-27 के संपत्तिकर पर 31 जुलाई तक 10 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है।
-
वर्जन
इस माह अवकाश के दिनों में भी निगम कार्यालय खुला रहेगा। अपना बकाया संपत्तिकर जमा करवाकर इस विशेष छूट का अधिकतम लाभ उठाएं।
- नरेंद्र कुमार, नगर निगम आयुक्त ।