रोहतक । नगर निगम ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार को नगर निगम की टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 16 चालान किए और 27,600 रुपये का जुर्माना लगाया।
नगर निगम आयुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सफाई शाखा की टीमों ने बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। निगम की टीमों और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने मुख्य मार्गों और बाजारों में भी जांच की।
अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक बेचते पाए जाने पर 12 दुकानदारों के चालान कर 26,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाने वाले 4 व्यक्तियों के चालान कर 1,100 रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर निगम की टीमों ने कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।