हिसार रोड और पुरानी सब्जी मंडी रोड के 181 दुकानदारों के लिए राहत की खबर है। हुडा के मुख्य प्रशासक ने मंगलवार को दुकानों की शिफ्टिंग के लिए 1640 वर्ग मीटर जमीन 9.64 करोड़ रुपये में नगर निगम को देने के आदेश जारी किए हैं। वहीं, नगर निगम आयुक्त ने भू-अधिकारी को 10 दिन में हुडा से जमीन लेकर दुकानदारों की रजिस्ट्री कराने को कहा है।
हिसार रोड व पुरानी सब्जी मंडी रोड का बाजार शहर का सर्वाधिक व्यस्त बाजार है। चूंकि यह बाजार शहर के साथ-साथ देहात से भी नजदीक हैं, इसलिए सुबह से शाम तक जाम के हालात रहते हैं। इसके चलते दुकानदारों ने मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की। तीन मई 2018 को दौरे पर आए मुख्यमंत्री के सामने जब मामला पहुंचा तो उन्होंने हिसार रोड व पुरानी सब्जी मंडी रोड के चौड़ीकरण के आदेश दिए। मार्ग के चौड़ीकरण की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी। निगम ने मार्ग के चौड़ीकरण की जद में आ रही हिसार रोड की 73 व पुरानी सब्जी मंडी रोड की 108 दुकानों को ध्वस्त करने के लिए चिह्नित किया। दुकानदारों के विरोध पर निगम ने सभी दुकानों को नजदीक स्थिति हुडा के भूखंड पर शिफ्ट करने का भरोसा दिया। तब से निगम जमीन लेने के लिए प्रयासरत था। दोनों विभागों के बीच सहमति होने के बाद निगम ने बिजली निगम को 20 लाख रुपये देकर बिजली लाइनों की शिफ्टिंग शुरू करवा दी।
मंगलवार को हुडा के मुख्य प्रशासक ने नगर निगम को 1640 वर्ग मीटर जमीन देने की सहमति दी। रोहतक के प्रशासक को पत्र जारी करते हुए कहा है कि निगम को 9.64 करोड़ रुपये में जमीन की रजिस्ट्री की जाए। इसकी जानकारी मिलते ही दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को निगम आयुक्त से मिला और मुख्य आदेश की प्रति सौंपी। इस पर आयुक्त प्रदीप गोदारा ने तत्काल भू-अधिकारी सुरेंद्र गोयल को 10 दिन में हुडा से जमीन की रजिस्ट्री करवाकर दुकानदारों की रजिस्ट्री कराने के आदेश दिए हैं।
निगम कमिश्नर से मिले दुकानदार
हिसार रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान श्यामलाल सचदेवा, बब्बी भाई, किशनलाल भाटिया, पम्पी खट्टर, सुभाष रावल, पप्पी सचदेवा, अशोक सिक्का, नरेंद्र गोसांई ने नगर निगम आयुक्त से मुलाकात की। उन्होंने बताया आयुक्त ने भू-अधिकारी को हुडा से रजिस्ट्री अपने नाम करवाकर दुकानदारों की रजिस्ट्री 10 दिन में करने के आदेश दिए।
हुडा के मुख्य प्रशासक के आदेश की जानकारी होते ही निगम के भू अधिकारी को 10 दिन के अंदर जमीन की रजिस्ट्री करवाकर दुकानदारों की रजिस्ट्री करने के आदेश कर दिए हैं। दुकानों की शिफ्टिंग जल्द से जल्द करवाकर एनएच-10 का चौड़ीकरण कराया जाएगा।
- प्रदीप गोदारा, आयुक्त, नगर निगम