22 रोहतक के दिल्ली रोड पर सुबह 4 डिग्री के पारे के दौरान गुजरते वाहन। संवाद
रोहतक। जिले में शीतलहर कंपकंपी छुड़ा रही है। तापमान 4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यह सीजन में पहली बार है जब तापमान 4 डिग्री से नीचे आया है। रविवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री रहा। रविवार को दिन में धूप देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक ठंडी हवाएं चलेंगी जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
वहीं 31 दिसंबर को पहली बार न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस था। विभाग के अनुसार, सोमवार को भी कोहरा छाए रहने की संभावना है। शीतलहर के कारण लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है खासकर गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों को परेशानी हो रही है।
नागरिक अस्पताल से डॉ. मनदीप का कहना है कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, गर्म पेय पदार्थ पीएं, बाहर निकलने से बचें व बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
सुबह हल्के कोहरे के दौरान रोहतक स्टेशन से आवागमन करने वाली ट्रेनें भी लेट रहीं। सुबह दिल्ली की ओर जाने वाली पंजाब मेल 01:12 घंटे, अवध असम एक्सप्रेस 06:32 घंटे अधिक तक, बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिला एक्सप्रेस 58 मिनट, जाखल-दिल्ली पैसेंजर 01:14 घंटे, धोलाधार एक्सप्रेस 01:01 घंटे, कुरुक्षेत्र-दिल्ली एक्सप्रेस 01:13 घंटे, पातालकोट एक्सप्रेस 37 मिनट लेट रही।
दिल्ली की ओर से आने वाली पातालकोट 04:07 घंटे, दिल्ली-भिवानी पैसेंजर 01:10 घंटे, गोरखधाम एक्सप्रेस 01:27 घंटे, फरक्का एक्सप्रेस 02:08 घंटे, सरबत दा भला एक्सप्रेस 24 मिनट तक स्टेशन पर लेट पहुंची।