रोहतक। जिले के 45 राजकीय विद्यालयों की जर्जर चहारदीवारी अब दुरुस्त होगी। शिक्षा विभाग मुख्यालय के निर्देश पर जिला परियोजना परिषद ने सभी स्कूलों से मरम्मत का अनुमानित ब्योरा मांगा है। जिला शिक्षा अधिकारी को 6 जून तक रिपोर्ट भेजने को कहा गया है।
शिक्षा विभाग मुख्यालय के अनुसार जिले में सबसे ज्यादा 12 स्कूल सांपला ब्लॉक के शामिल हैं। वहां दीवारों के टूटने का खतरा बना हुआ था। लाखनमाजरा ब्लॉक के 11 और कलानौर ब्लॉक के 7 स्कूलों की चारदीवारी की मरम्मत की जाएगी। बाकी 11 स्कूल रोहतक और 04 महम ब्लॉक के हैं। विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर स्कूलों की वर्तमान स्थिति, दीवार की लंबाई और अनुमानित लागत का ब्योरा एक सप्ताह में भेजने के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने बताया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर दीवारों की मरम्मत को लेकर मुख्यालय ने रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद बजट जारी कर काम शुरू कराया जाएगा। इसी सत्र में सभी 45 स्कूलों की दीवारों का काम पूरा कर लिया जाएगा। पीडब्ल्यूडी की ओर से इन विद्यालयों की जांच की जा चुकी है।
इन स्थानों के राजकीय विद्यालयों की चहारदीवारी की बदलेगी सूरत
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कहनौर, आंवल, बनियानी, लाहली, सैंपल, सांगाहेड़ा, गढ़ी बल्लभ, लखनमाजरा, चिड़ी, घरावठी, खरैंठी, खरक जाटन, सुंदरपुर, टिटौली, गुगाहेड़ी, नांदल, फरमाना, सैमाण, मदीना, गिरावड़, मुरादपुर टेकना, आसन, भवतीपुर, ब्राह्मणवास, डोभ, जसिया, कंसाला, किलोई, खिड़वाली, गढ़ी बोहर, मायना, पोलंगी, अटायल, चुलियाना, दतौड़, कारौर, खरावड़, राजकीय कन्या हाई स्कूल अटायल, गिझी, नया बांस, नौनंद, समचाना के विद्यालय शामिला है।