रोहतक। नए बस स्टैंड के नजदीक सोमवार शाम होटल में सोनीपत जिले के गांव आंवली हाल में रोहतक के राजीव नगर निवासी 25 वर्षीय विकास का शव संदिग्ध हालात में मिला है। आशंका है कि ठेकेदारी का काम करने वाले युवक की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत के पुख्ता कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महेंद्र ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि नए बस स्टैंड के नजदीक अशोका होटल में आंवली गांव के विकास कमरा नंबर 106 में ठहरे थे। जब होटल कर्मी कमरे में गया तो विकास बेड से नीचे गिरा मिला। उसने मैनेजर को सूचित किया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया के साथ मौके पर पहुंचीं। कमरे में किसी तरह सुसाइड नोट या शराब की बोतल नहीं मिली। न ही घटनास्थल पर पहुंचे विकास के पिता योगेश ने किसी पर शक जताया। बोले-पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाए। जांच अधिकारी ने बताया कि नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका है। रात साढ़े 10 बजे शव पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया दिया गया।