माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर के चमनपुरा में सोमवार की रात 28 वर्षीय युवक फंदे से लटका मिला। परिजनों को मंगलवार को सुबह 11 बजे घटनाक्रम का पता लगा। युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसका पता नहीं लग सका है।
पुलिस के मुताबिक, राहुल दो भाइयों में छोटा था और गुरुग्राम की दवा कंपनी में नौकरी करता था। परिजनों का कहना है कि शाम को घर आकर चौबारे में सो गया। सुबह नहीं उठा तो समझा कि देर से सोया होगा। करीब 11 बजे दरवाजा खोलने का प्रयास किया। खिड़की से देखा तो राहुल पंखे के हुक से बंधे फंदे से लटका हुआ था।
सूचना पाकर पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया। एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया को मौके पर जांच के लिए बुलाया गया। परिजन बोले, उनको पता नहीं क्यों राहुल ने आत्महत्या की।
पुलिस ने राहुल के मोबाइल फोन को बरामद कर लिया लेकिन लॉक न खुलने के कारण कॉल डिटेल व मैसेज के बारे में पता नहीं लग सका। जांच अधिकारी सलारा मोहल्ला निवासी सुरेंद्र दहिया का कहना है कि मोबाइल फोन परिजनों को सौंप दिया है। अगर कोई शक होगा तो लॉक खुलवाकर जांच की जाएगी।