माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। तीसरे कार्यकाल का पहला साल भी पिछले दो कार्यकाल की तरह गरीब और किसान विरोधी रहा है। भाजपा इस हद तक गरीब विरोधी हो चुकी है कि वह खुद की चलाई हुईं योजनाओं को ही बंद कर रही है।
आयुष्मान योजना के तहत सरकार ने प्राइवेट अस्पतालों में ऑपरेशन बंद कर दिए हैं। यह काम सिर्फ सरकारी अस्पताल करेंगे। सच्चाई यह है कि सरकारी अस्पतालों में कांग्रेस कार्यकाल से ही सब मुफ्त हैं। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। वह शुक्रवार शाम को डी पार्क स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा ने सरकारी अस्पतालों की ऐसी हालत बना दी है कि उनमें डॉक्टर हैं न स्टाफ। इस कारण मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ हर बार फसल खरीद में लूट और घोटाला होता है। इस बार भी धान की खरीद में करनाल में बड़ा घोटाला उजागर हुआ है।
एमएसपी से 500 से 800 रुपये कम रेट पर खरीद रही फसल
कहा, किसानों की धान, बाजरा, कपास, मूंग समेत हर फसल को औने-पौने दाम पर खरीदकर एमएसपी से 500 से 800 रुपये कम रेट दिया जा रहा है। किसानों को खाद से भी वंचित किया जा रहा है। हिसार में तो खाद लेने आए किसानों को बुरी तरह अपमानित किया गया। इन पर अपराधियों की तरह मुहर लगाई गई।
नशे ने हरियाणा को बुरी तरह अपनी जद में ले लिया है। सरकार के संरक्षण में नशे का कारोबार लगातार पैर पसार रहा है। कानून-व्यवस्था की इतनी खराब है कि खुद एएसआई से लेकर एडीजीपी तक के अधिकारियों को अपनी सरकार पर भरोसा नहीं है।
इस मौके पर विधायक डॉ. रघुवीर कादयान, पूर्व सांसद शादी लाल बतरा, पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी, पूर्व गृह मंत्री सुभाष बतरा, पूर्व विधायक संत कुमार, विधायक भारत भूषण बतरा, पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक गीता भुक्कत, विधायक शकुंतला खटक भी मौजूद रहीं।