संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। पीजीआईएमएस में वीरवार को मुआयना करने पहुंची विधानसभा समिति ने ओपीडी में मरीजों का दर्द पूछा। संस्थान की बाकी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक कर मंथन किया। ढाई घंटे संस्थान में रही कमेटी के 11 में से छह सदस्य ही शामिल रहे।
हरियाणा विधानसभा की स्वास्थ्य सेवाएं एवं स्वास्थ्य शिक्षा समिति सालाना निरीक्षण पर सुबह करीब साढ़े 11 बजे संस्थान पहुंची। सबसे पहले निदेशक कार्यालय में समिति में शामिल विधायकों ने स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल, पीजीआई निदेशक डॉ. एसके सिंघल व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
एक घंटे चली बैठक में कमेटी ने बजट, ओपीडी व संस्थान के प्रोजेक्ट पर चर्चा की। इसके बाद समिति सदस्य चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा ओपीडी में पहुंची। वहां पर रिसेप्शन पर दो मरीजों से बातचीत की। इसके बाद समिति सदस्य ओपीडी के अंदर जाने लगे, तभी प्रोग्राम में बदलाव आ गया और बाहर आ गए।
........
ऑपरेशन थिएटर, जांच लैब व वार्डों में नहीं गई कमेटी
पीजीआईएमएस में विधानसभा समिति निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ बैठक के बाद ओपीडी में मरीजों से बातचीत तक सीमित रही। ऑपरेशन थिएटर, जांच लैब व वार्डों में नहीं पहुंच सकी। अल्ट्रासाउंड केंद्र के बाहर भी मरीजों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। यहां भी समीति सदस्य नहीं गए।
-
वर्जन
समिति ने ओपीडी का निरीक्षण किया। इससे पहले पीजीआई के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें उन्होंने संस्थान की कार्य प्रणाली को लेकर पूरी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बजट, प्रोजेक्ट व ओपीडी की जानकारी दी।
- रामकुमार कश्यप, अध्यक्ष, हरियाणा विधानसभा की स्वास्थ्य सेवाएं एवं स्वास्थ्य शिक्षा समिति