सांपला में नगर पालिका चुनाव को लेकर लगे संभावित प्रत्याशियों के पोस्टर। संवाद
सांपला। नगर पालिका चुनाव को लेकर प्रत्याशियों में पोस्टर वार छिड़ा हुआ है। हर गली-मोहल्ले में पोस्टर ही पोस्टर नजर आ रहे हैं। लोग सुबह उठते हैं तो किसी न किसी नए चेहरे के पोस्टर दिखाई दे रहे हैं। इस बार चेयरमैन पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। अब तक करीब 10 प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं।
अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है। आयोग ने मतदाता सूची को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। बताया गया है कि 17 से 27 फरवरी तक मतदाता सूची का 16 वार्डों में बंटवारा किया जाएगा। 28 फरवरी को दावे और आपत्तियां आमंत्रित करने के लिए वार्ड अनुसार मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
सात मार्च तक दावे और आपत्तियां पुनरीक्षण प्राधिकरण के सामने प्रस्तुत करनी होगी। 12 मार्च तक संशोधन किया जाएगा। इसके बाद किसी को कोई आपत्ति होगी तो 16 मार्च तक उपायुक्त के सामने अपील होगी। 19 मार्च तक अपील का निपटान होगा।
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 27 मार्च को होगा। सचिव नरेंद्र कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। नगर पालिका में करीब 15248 मतदाता हैं।