संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। झज्जर रोड स्थित लोहा व्यापारी अशोक जैन के परिवार को बंधक बनाकर डकैती डालने वाले तीन बदमाशों की धर-पकड़ के दौरान सीआईए प्रथम पर फायरिंग करने के आरोपियों पर पुलिस ने एक और केस दर्ज किया है।
आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उनको चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा दिया गया। रिमांड के दौरान शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हथियार बरामद करने का प्रयास करेगी।
झज्जर रोड स्थित दुकान पर 7 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे व्यापारी अशोक जैन, पत्नी सुमिता व नौकर धर्मवीर को बंधक बनाकर राजस्थान व रोहतक के गांव बलम्बा के युवक ने डकैती डाली थी।
11 अगस्त की देर रात सीआईए प्रथम ने सुनारिया गांव के पास से राजस्थान के जयपुर निवासी पुष्पेंद्र, आजाद और रोहतक के बलम्बा निवासी आयुष को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन आरोपियों ने सीआईए प्रथम पर फायरिंग कर दी।
सीआईए प्रथम ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग कर दी। इसमें आजाद व पुष्पेंद्र के पैरों में एक-एक गोली लगी जबकि आयुष का पैर बाइक से फिसलने के कारण टूट गया।
अभी तक की पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि व्यापारी अशोक जैन सहित तीन जगह लूट व डकैती की वारदात की साजिश रची गई थी। दो जगह आरोपी कामयाब नहीं हो सके थे लेकिन लोहा व्यापारी के मकान में डकैती डालने में सफल रहे थे।