रोहतक। खजाना कार्यालय में 28.61 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी राजेश, रचना देवी व सुधीर कुमार पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
खजाना कार्यालय में सहायक के पद पर तैनात सुधीर कुमार की ओर से 28.61 लाख रुपये की राशि रचना देवी और राजेश के खाते में भेजने के आरोप में अधिकारी की शिकायत पर आर्य नगर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी नरेंद्र बिजारणिया के निर्देश पर टीम बनाई गई। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने कई जगह दबिश दी, पर सफलता हाथ नहीं लगी।
यह था मामला
आरोप है कि खजाना कार्यालय में पेंशन इंचार्ज के पद पर तैनात सुधीर कुमार ने कंप्यूटर सॉफ्टवेयर में झूठी सूचनाएं दर्ज कर फर्जी पेंशन रिकॉर्ड तैयार किया और इन रिकॉर्ड के आधार पर रचना देवी और राजेश का नाम दर्ज कर उनके खाते 28.61 लाख रुपये राशि भेजी गई थी। जब इस मामले की अधिकारियों ने जांच की तो पता चला कि दोनों खातों में जमा राशि को सुधीर कुमार के नंबर से लिंक यूपीआई पर निकाली गई। इस मामले में खजाना अधिकारी संजय चौधरी की शिकायत पर 13 जून को आर्य नगर थाने में केस दर्ज किया गया है।
एसपी के आदेश पर गठित टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बिजेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, आर्य नगर