रोहतक। पूर्व वित्त मंत्री के घर के बाहर गाय का खूंटा गाड़ने के मामले की बुधवार को अदालत में सुनवाई हुई। यहां नवीन जयहिंद व्यक्तिगत रूप से पेश हुए। केस में सात पुलिस कर्मचारियों की गवाही भी हुई। यह गवाही पूरी होने के बाद अदालत ने केस में अगली सुनवाई का दिन 22 नवंबर तय किया। इसी दिन केस में बहस होगी।
नवीन जयहिंद ने कहा कि करीब सात साल पहले सड़कों पर घूमती गोमाता के चारे के लिए खूंटा गाड़ अभियान चलाया था। इसमें पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के घर के बाहर गाय बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने केस दर्ज कर दिया। बुधवार 13 नवंबर को रोहतक कोर्ट में अदालत के समक्ष पेशी हुई। केस में पुलिसकर्मियों की गवाही संपन्न हुई, इसी के साथ गवाही बंद हो गई। अब 22 नवंबर को कोर्ट में बहस होगी। इस मौके पर एडवोकेट गौरव भारतीय भी मौजूद रहे।