रोहतक। जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान भड़की हिंसा में पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की कोठी जलाने के मामले में सीबीआई कोर्ट में गवाही पूरी हो गई है। अब नौ अक्तूबर को अदालत में दोनों पक्षों की बहस होगी।
ऐसे में नौ साल से चल रहे केस में जल्द निर्णय आने की उम्मीद है क्योंकि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने तय समय सीमा में केस निपटाने की हिदायत दी है।
वर्ष 2016 में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान भड़की हिंसा में तत्कालीन वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की रोहतक के विनय नगर स्थित कोठी में आग लगा दी गई थी। अर्बन एस्टेट थाने में दो केस दर्ज किए गए थे।
एक केस पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया था जबकि दूसरा पूर्व वित्त मंत्री के परिजनों की ओर से दर्ज कराया गया था। प्रदेश सरकार ने केस की जांच सीबीआई को सौंपी थी। सीबीआई अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। बचाव पक्ष के वकील ने बताया कि गवाही की प्रक्रिया खत्म हो गई है। अब गवाही के लिए बहस शुरू होगी। ब्यूरो