रोहतक। कॉलजों में चल रही दाखिला प्रक्रिया पर शनिवार को ब्रेक लगा रहा। उच्च शिक्षा विभाग की वेबसाइट में तकनीकी खराबी के चलते युवा न तो पंजीकरण कर पाए न ही आवेदन भर पाए। देर शाम तक भी वेबसाइट की तकनीकी खामी दूर नहीं हुई थी। इधर, एमडीयू में दाखिला प्रक्रिया के चलते विद्यार्थियों की मदद के चलते छात्र संगठनों की ओर से हेल्प डेस्क लगाए जा रहे हैं।
शनिवार को विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन को लेकर परेशान रहे। कॉलेजों में प्रवेश के लिए विद्यार्थी घंटों उच्च शिक्षा विभाग की वेबसाइट चालू होने का इंतजार करते रहे। शनिवार को वेबसाइट में तकनीकी खामी आने से आवेदन नहीं हो सके। देर शाम तक भी वेबसाइट बंद रही। तकनीकी खामी दूर नहीं होने से विद्यार्थी आहत नजर आए। अशोक, मनोज, अमित का कहना है कि दाखिले के लिए आवेदन करना था। विभाग की वेबसाइट ही बंद है। इस कारण आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। सुबह से कई बार वेबसाइट के बारे में साइबर कैफे पर भी जाकर पता कर चुके हैं। रविवार को भी वेबसाइट के काम करने की संभावना कम नजर आ रही है। सोमवार को वेबसाइट दुरुस्त होने पर ही कुछ राहत मिलने की आस है।
अब तक एक लाख से ज्यादा ने कराया पंजीकरण
उच्च शिक्षा विभाग की ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया को लेकर युवाओं में उत्साह बना हुआ है। कॉलेज में पढ़ने के लिए विद्यार्थी अपने पसंद के कॉलेज में विषयों के चयन के साथ आवेदन कर रहे हैं। यही वजह है कि विभाग के पास अब तक एक लाख 20 हजार से अधिक पंजीकरण व 90 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। दाखिले की अंतिम 7 जुलाई तक बढ़ाने के बाद आवेदन प्रक्रिया में भी तेजी आई है। इसके चलते विद्यार्थियों की भीड़ साइबर कैफे पर बनी हुई है। यहां आवेदन करने को लेकर विद्यार्थियों में होड़ लगी है।
आईटीआई में भी प्रवेश प्रक्रिया जोरों पर
कॉलेजों व विश्वविद्यालयों के साथ आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया जोरों पर है। इसके तहत पहली मेरिट सूची में नाम दर्ज कराने वाले विद्यार्थी संस्थान में अपनी सीट पक्की करने के लिए पहुंच रहे हैं। इन्हें तकनीकी विभाग की ओर ट्रेड व सीट अलॉट की गई हैं। ऐसे विद्यार्थी दाखिले के लिए संस्थान में अपनी फीस जमा करा रहे हैं। इसके चलते संस्थान में काफी चहल-पहल बनी हुई है।