देश को अगले साल होने वाले ओलंपिक में पदक दिलाने की ओर रुड़की की बॉक्सर बेटी प्रवीण हुड्डा ने बड़ा कदम बढ़ाया है। पटियाला में हाल ही में संपन्न हुए दो सप्ताह के शिविर में किए शानदार प्रदर्शन के आधार पर एशियन गेम्स में चयन हुआ है। यह स्पर्धा 23 सितंबर से 8 अक्तूबर तक चीन में होगी। यहां पदक जीतने पर वह अगले वर्ष होने वाले ओलंपिक के लिए भी अपना टिकट पक्का कर लेगी। इसी मकसद से वह रिंग में उतरेगी।
दीनबंधू सर छोटूराम बॉक्सिंग एकेडमी आजादगढ़ के बॉक्सिंग कोच सुधीर हुड्डा ने बताया कि एकेडमी की 57 किलोग्राम भार वर्ग की खिलाड़ी प्रवीण ने शिविर में शानदार प्रदर्शन कर एशियन गेम्स में अपनी जगह बनाई है। चीन में होने वाले एशियन खेलों में इस खिलाड़ी से पदक की आस है। पदक के साथ ही इस बॉक्सिंग खिलाड़ी का ओलंपिक में खेलना भी तय हो जाएगा। इससे ओलंपिक में भी पदक की उम्मीद बढ़ेगी।
पीएम के साथ चाय पीने का मिला था अवसर
प्रवीण वर्ष 2019 को नेपाल के काठमांडू में हुए साउथ एशियन गेम्स से स्वर्ण पदक जीत चुकी है। इसके अलावा वह वर्ष 2022 में इंस्ताबुल तुर्की में हुई विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। इसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न केवल मुलाकात हुई बल्कि उनके साथ चाय पीने का भी अवसर मिला। मोदी ने शानदार प्रदर्शन के लिए खिलाड़ी की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। वर्ष 2022 में ही जॉर्डन अमान में हुई एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। बेटी के इस चयन पर पिता लखपत व मां नीलम ने प्रसन्नता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि बेटी ने पूरे देश में परिवार का नाम रोशन किया है। इससे स्वर्ण पदक की उम्मीद है।