एमडीयू शिक्षक संघ के प्रधान का चुनाव अब 18 नवंबर को होगा। कैंपस में इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल व पीएचडी-एमफिल की प्रवेश परीक्षाओं के चलते चुनावी तिथि आगे बढ़ानी पड़ी है। इससे प्रत्याशियों को भी अपनी जीत को लेकर वोट जुटाने के लिए तीन दिन और मिल जाएंगे।
शिक्षक संघ के चुनाव में प्रत्याशियों को यूथ फेस्टिवल व प्रवेश परीक्षा ने तीन दिन की राहत दी है। कैंपस से 13 से 15 नवंबर तक इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल होना है। इसके अलावा पीएचडी व एमफिल की प्रवेश परीक्षाएं 16 से 18 नवंबर को होनी है। इसी बीच कैंपस में चुनाव रखा गया है। ऐसे में चुनाव अधिकारी ने मतदान तिथि 15 नवंबर से बढ़ाकर 18 नवंबर करने का फैसला लिया। अब चुनाव नई तिथि पर होगा। इसके तहत 13 नवंबर नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। इसी दिन आवेदनों की छंटनी होगी। इसके अगले दिन 14 नवंबर को नाम वापिस लिया जा सकता है। मतदान व मतगणना एक ही दिन 18 नवंबर को होगी।
चुनावी माहौल से गर्माया एमडीयू कैंपस
शिक्षक संघ चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशी रविवार को दिन भर मतदाताओं का मन टटोलते नजर आए। चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले प्रत्याशी जीत के आंकड़ों का हिसाब लगाते रहे। रविवार को अवकाश के दिन भी शिक्षक इधर-उधर घूमते नजर आए। चुनाव के चलते कैंपस का माहौल पूरी तरह गर्माया हुआ है।
तारीख में बदलाव
शिक्षक संघ चुनाव की तिथि में बदलाव किया गया है। यूथ फेस्टिवल व पीएचडी-एमफिल की प्रवेश परीक्षा के चलते यह बदलाव किया गया है। अब चुनाव 18 नवंबर को होंगे।
-प्रो. राहुल ऋषि, चुनाव अधिकारी एवं निदेशक, यूआईईटी, एमडीयू।