12-रोहतक के बोहर गांव में नांदल भवन के नजदीक बुधवार रात जलती कार। स्रोत : पीड़ित
रोहतक। बोहर गांव में बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे नांदल भवन के नजदीक हाथापाई कर रहे दो युवकों का बीच-बचाव करना टैक्सी चालक मंदीप को भारी पड़ गया। आरोपियों ने खुद का झगड़ा छोड़कर चालक पर चाकू से वार कर दिया। बचकर भागने पर उसकी कार में आग लगा दी। आईएमटी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
गढ़ी बोहर निवासी टैक्सी चालक मंदीप ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब डेढ़ बजे वह अपने गांव के भांजे अक्षय व युवक आशीष के साथ स्कूल के पास बैठे थे। अक्षय ने कहा कि उसके पास बोहर गांव निवासी अमन का फोन आया है। उसे नांदल भवन के पास बुला रहा है।
तीनों कार में सवार होकर चल पड़े। वहां पर अमन व गढ़ी बोहर निवासी लक्ष्य खड़े थे। बातचीत के दौरान आशीष व अमन के बीच हाथापाई हो गई। वह छुड़वाने लगा तो अक्षय बोला-पहले इसे ही बताते हैं। आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। वह किसी तरह बचकर भाग निकला।
नांदल भवन के पीछे गलियों में छिप गया। पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर दी। उसने अपने भाई प्रदीप को कॉल की। प्रदीप ने जाकर देखा तो गाड़ी जल रही थी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। आईएमटी थाने में आरोपी अमन, अक्षय, आशीष व लक्ष्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।