संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। विश्व ओजोन दिवस पर बुधवार को जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में तमन्ना ने पोस्टर मेकिंग और पारुल वत्स ने स्लोगन लेखन में पहला स्थान हासिल किया। महारानी किशोरी जाट कन्या महाविद्यालय में एमए द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने क्विज जीती।
पं नेकी राम शर्मा राजकीय कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सांगवान ने विद्यार्थियों से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। डॉ. सुरेंद्र यादव ने ओजोन परत को पृथ्वी का प्राकृतिक कवच बताया।
विश्व ओजोन दिवस पर विद्यार्थियों ने ''एक शीतल ग्रह के लिए वैश्विक कार्रवाई'' की थीम पर ओजोन परत के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। एमडीयू समेत कई महाविद्यालयों में नारा लेखन, पोस्टर निर्माण, क्विज और डिक्लेमेशन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। वक्ताओं ने ओजोन परत के महत्व और पर्यावरण संतुलन पर प्रकाश डाला।
स्लोगन लेखन में अर्जुन और पोस्टर मेकिंग में हर्ष प्रथम
शहीद राय सिंह राजकीय महाविद्यालय सांपला में स्लोगन लेखन में अर्जुन और पोस्टर मेकिंग में हर्ष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।