- ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए अब तक खर्च करने पड़ते थे करीब 3500 रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। पीजीआई में जल्द ही दोबारा ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए मैमोग्राफी मशीन स्थापित होने जा रही है। संस्थान में नई मशीन पहुंच चुकी है और इसे जल्द ही स्थापित कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इससे रोहतक समेत आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों को भी राहत मिलेगी।
पीजीआई में पहले लगी मैमोग्राफी मशीन पुरानी होने और बार-बार खराब होने के कारण पिछले कई सालों से बंद पड़ी थी। आसपास के जिलों में भी सरकारी अस्पताल में मैमोग्राफी जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में सस्ते और बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर पीजीआई आने वाले मरीजों को निजी अस्पतालों जाना पड़ता था।
इसके अलावा मरीजों को पहले ओपीडी में आना पड़ता था। डॉक्टर उन्हें बाहर निजी अस्पताल से मैमोग्राफी कराने के लिए भेजते थे। रिपोर्ट देखने के बाद डॉक्टर ब्रेस्ट कैंसर की पुष्टि कर पाते थे।
हर माह पहुंचती हैं करीब 600 महिलाएं
ब्रेस्ट कैंसर सर्जन डॉ. नित्याशा ने बताया कि पीजीआई में हर माह लगभग 600 महिलाएं ब्रेस्ट से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचती हैं। ब्रेस्ट कैंसर की प्राथमिक पुष्टि के लिए मैमोग्राफी सबसे जरूरी जांच है। मशीन न होने के कारण मरीजों को बाहर भेजना पड़ता था। अब संस्थान में नई मशीन आ चुकी है और जल्द ही इसे शुरू कर दिया जाएगा।
जेब पर पड़ रहा था अतिरिक्त बोझ
विशेषज्ञों के अनुसार, सरकारी अस्पताल में सस्ते इलाज के लिए आने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों की जेब पर बाहर से जांच कराने का सीधा असर पड़ रहा था। निजी अस्पतालों में मैमोग्राफी कराने के लिए मरीजों को प्रति जांच करीब 3500 रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। पीजीआई में यह सुविधा बहाल होने से मरीजों के समय के साथ-साथ पैसों की भी बड़ी बचत होगी।