रोहतक। उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की सुविधा के लिए ई-श्रम पोर्टल को शुरू किया गया है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए बनाया गया है। पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण करके सरकार की योजनाओं का श्रमिकों को लाभ उठाना चाहिए।
अजय कुमार ने बताया कि ई-श्रम पोर्टल केवल एक डिजिटल मंच नहीं, बल्कि यह असंगठित कामगारों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार लाने की एक पहल भी है। असंगठित कामगारों के पंजीकरण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक पंजीकृत श्रमिक को 12-अंकीय यूनिवर्सल खाता संख्या (यूएएन) दिया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि कोई भी श्रमिक ई.श्रम.डॉट.जीओवी.डॉट.इन पर स्वयं पंजीकरण कर सकता है। निकटतम सामान्य सेवा केंद्र या सरल केंद्र में भी पंजीकरण करा सकता है।
उपायुक्त ने बताया कि छोटे और सीमांत किसान, खेतिहर मजदूर, बटाईदार, मछुआरे, पशुपालन के क्षेत्र में शामिल लोग, बीड़ी बनाने वाले, लेबलिंग और पैकिंग, भवन और निर्माण श्रमिक, चमड़े उद्योग के क्षेत्र में शामिल श्रमिक पंजीकरण करा सकते हैं। बुनकर, बढ़ई, नमक श्रमिक, ईंट भट्ठों और पत्थर खदानों में काम करने वाले श्रमिक, घरेलू कामगार, नाई, सब्जी और फल विक्रेता, समाचार पत्र विक्रेता, रिक्शा चालक, ऑटो चालक, रेशम उत्पादन श्रमिक, टेनरी श्रमिक, स्ट्रीट वेंडर, एमएनजीआरजीए श्रमिक, आशा वर्कर्स, दूध देने वाले किसान, प्रवासी श्रमिक भी पोर्टल पर पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें।