रोहतक। उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाते हुए 12 नवंबर तक स्वच्छ दिवाली-शुभ दिवाली अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ भारत की यात्रा के साथ दिवाली के सांस्कृतिक महत्व को लोगों तक पहुंचाकर उन्हें स्वच्छ एवं इको फ्रेंडली तरीके से त्योहार मनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि इस अभियान में लोगों को जोड़कर उन्हें केवल अपने घरों की सफाई ही नहीं बल्कि आस-पड़ोस की सफाई तथा वोकल फॉर लोकल के बारे में भी जागरूक करना है। नागरिकों को स्वच्छ, हरित व सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त दिवाली मनाने के लिए माई जीओवी पोर्टल पर हस्ताक्षर करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। नागरिकों को दिवाली के अवसर पर स्वच्छ दिवाली मनाने के तरीकों की 30 से 60 सेकंड की शॉट वीडियो रील बनाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
12 नवंबर तक शहरी स्थानीय निकायों द्वारा सोशल मीडिया के ज्यादा से ज्यादा प्रयोग के अलावा लोगों को प्रभावित करने वाले नेटवर्कों का प्रयोग, सामुदायिक समूहों, रिहायशी कल्याण एसोसिएशनों एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वच्छ, हरित व सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त दिवाली की जागरूकता को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा शहरी स्थानीय निकायों में 13 नवंबर को विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।