रोहतक। गुढ़ान के प्रदीप हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी सोनू से मृतक का मोबाइल बरामद करने का प्रयास किया। बसाना गांव के उस खेत में जांच की, जहां रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस मुठभेड़ के बाद जो बाइक सुरेंद्र लोहारी से बरामद की थी, वह प्रदीप तोमर की ही थी। दो दिन का रिमांड पूरा होने के बाद पुलिस आरोपी सोनू को सोमवार दोपहर अदालत में पेश करेगी। वहीं, सुरेंद्र लोहारी अभी पैर में गोली लगने के कारण पीजीआई में ही दाखिल है।
पुलिस के अनुसार गुढ़ान गांव निवासी प्रदीप तोमर ट्रक चालक था। 2 नवंबर की सुबह उसका शव बसाना व मोखरा रेलवे स्टेशन के बीच रोहतक-भिवानी रेलवे लाइन के किनारे नग्न हालत में मिला था। पुलिस ने उसके पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। सीसीटीवी फुटेज में प्रदीप के साथ 1 नवंबर की रात को दो युवकों को देखा था। युवकों की पहचान हिसार के मोठ लोहारी निवासी सुरेंद्र व कलानौर निवासी सोनू के तौर पर हुई थी। सोनू आरोपी सुरेंद्र की बुआ का लड़का है। पुलिस ने तीन दिन पहले मुठभेड़ के बाद सुरेंद्र लोहारी को काबू किया था। फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है, जबकि सोनू को पुलिस ने अगले दिन गिरफ्तार किया था।