रोहतक। पीएलसी सुपवा के फिल्म एंड टीवी विभाग के विद्यार्थियों का धरना प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। कैंपस में सुबह इकट्ठा हुए विद्यार्थियों ने विवि परिसर में पैदल मार्च कर रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद कुलपति कार्यालय के बाहर धरना दिया। विवि प्रशासन ने लंबी बैठक के बाद एक बार फिर उनसे बदलाव संबंधी सुझाव लिखित रूप में मांगें हैं।
सोमवार सुबह सुपवा विद्यार्थी कैंपस में इकट्ठा हुए। यहां सभी ने पैदल मार्च करते हुए विवि के विद्यार्थियों से संपर्क कर अपनी मांगों व प्रदर्शन की जानकारी दी। इसके बाद कुलपति कार्यालय के बाहर पहुंच कर शांतिपूर्वक धरना शुरू किया। कुलसचिव डॉ. किरण कंबोज ने उनकी समस्या सुनने के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी एचओडी की बैठक हुई। विवि प्रशासन की लंबी बैठक के बाद विद्यार्थियों से विभाग अनुसार उनकी लिखित मांगें मांगी गई। विद्यार्थियों ने कहा कि वे पहले भी अपनी मांगें लिखित रूप में दे चुके हैं। एक बार फिर अपनी मांगें लिखित रूप में देने को तैयार हैं। मंगलवार को विद्यार्थी अपनी मांगें लिखित रूप में प्रशासन को देंगे। इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार शाम को विद्यार्थियों ने बैठक कर चर्चा की।