दुनिया भर से चुने गए 12 कलाकारों में शामिल हुआ तोशाब बागड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (सुपवा) के पूर्व छात्र एवं बॉलीवुड अभिनेता तोशाब बागड़ी का चयन इटली के वेनिस स्थित विश्व प्रसिद्ध बिएन्नाले कॉलेज थिएट्रो 2026 के लिए हुआ है। दुनियाभर से चुने गए 12 अभिनेता-अभिनेत्रियों में शामिल होकर उन्होंने हरियाणा और सुपवा का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
सुपवा की रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि रेवाड़ी जिले के बावल निवासी तोशाब बागड़ी विश्वविद्यालय के 2015 बैच के एक्टिंग ग्रेजुएट हैं। अभिनय की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने जापान की क्योटो फिल्ममेकर लैबोरेटरी में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
तोशाब अभिनेता जॉन अब्राहम के साथ हिंदी फिल्म वेदा में अभिनय कर चुके हैं। इसके अलावा वे अनदेखी, अधूरा, तोता, मेवात और अंडा गैंग जैसी चर्चित वेब सीरीज और प्रोजेक्ट्स में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
कुलपति डॉ. अमित आर्य ने बताया कि यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम ऑस्कर नामांकित अभिनेता विलेम डैफो की तरफ से डिजाइन किया गया है। चार सप्ताह के इस प्रशिक्षण में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ कलाकारों को उन्नत थिएटर तकनीकों का प्रशिक्षण देंगे। साथ ही 7 से 21 जून तक आयोजित 54वें अंतरराष्ट्रीय थिएटर फेस्टिवल में प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन भी करेंगे।