संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। सुपर-40 कार्यक्रम के तहत सरकारी स्कूलों के एनडीए अभ्यर्थियों को मंगलवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रशिक्षण मैदान में एसएसबी (सर्विस सेलेक्शन बोर्ड) इंटरव्यू की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी गई।
कार्यक्रम में 1 हरियाणा एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुखविंदर सिंह और कर्नल अमन चौधरी ने विद्यार्थियों को एसएसबी चयन प्रक्रिया, चयन मानदंड और ऑफिसर लाइक क्वालिटी (ओएलक्यू) के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कर्नल सुखविंदर सिंह ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि एसएसबी में सफलता के लिए नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ें, समसामयिक घटनाओं की जानकारी रखें तथा स्पोकन इंग्लिश और संचार कौशल को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच चयन की महत्वपूर्ण शर्तें हैं।
कर्नल अमन चौधरी ने बताया कि एसएसबी में कृत्रिम व्यक्तित्व की बजाय वास्तविक, ईमानदार और स्वाभाविक व्यक्तित्व को महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रतियोगिता काफी चुनौतीपूर्ण है, इसलिए लिखित परीक्षा और एसएसबी दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन जरूरी है।
सुपर-40 के समन्वयक एवं प्रवक्ता कुलदीप सिंह पंघाल ने विद्यार्थियों को ग्राउंड ऑब्स्टेकल का अभ्यास कराया और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता, नियमित व्यायाम और संतुलित आहार के महत्व से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर विभिन्न अधिकारियों ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।