फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुंडाना स्कूल में डीपीई की पिटाई

विज्ञापन
विज्ञापन
रोहतक/कलानौर। शहीद वजीर सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुंडाना के डीपीई को बुधवार सुबह प्रार्थना सभा के बाद पीट दिया। मारपीट करने वालों में स्कूल के ही कुछ विद्यार्थी व उनके परिजन शामिल रहे। इस घटना की वजह एक दिन पहले मंगलवार को विद्यार्थियों की गेंद लड़कियों को लगने पर डीपीई ने 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों को डांटना बताया गया है। ग्रामीणों का हंगामा बेकाबू होते देख प्राचार्य को पुलिस बुलानी पड़ी। घटना के बाद शाम तक गांव में तनाव बना रहा। पुलिस ने डीपीई की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पांच नामजद समेत 20 अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। केस की जांच करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को बुधवार शाम गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन

बुधवार सुबह स्कूल में प्रार्थना सभा के बाद कुछ विद्यार्थी व उनके परिजन सुंडाना स्कूल पहुंचे। यहां इन लोगों ने मिलकर डीपीई ओमबीर को पीट दिया। ग्रामीणों व स्कूल स्टाफ ने बड़ी मुश्किल से बीच-बचाव कर डीपीई को उनसे छुड़ाया। हालात बेकाबू होते देख स्कूल प्राचार्य ने पुलिस बुलाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर किसी तरह शांत किया व डीपीई को उपचार व मेडिकल जांच के लिए पीजीआई ले गए।
प्राचार्य रमेश चौहान ने बताया कि मंगलवार को स्कूल में इंटरवल के समय एक विद्यार्थी की गेंद कक्षा में पढ़ रही एक छात्रा को जा लगी। छात्रा ने डीपीई ओमबीर सिंह से इसकी शिकायत की। इसके चलते छात्र को प्राचार्य कक्ष में बुलाकर डांटा गया। इसके बाद विद्यार्थी अपने अभिभावकों को स्कूल बुला लाया। अभिभावकों ने वहां डीपीई के साथ अभद्रता की। उस समय स्टाफ ने बीच बचाव करते हुए मामला रफादफा कर दिया। बुधवार को फिर से डीपीई पर हमला किया गया। इस मामले में पांच नामजद समेत 20 अन्य के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी गई है। विभाग के उच्च अधिकारियों को भी इस बारे में अवगत करा दिया गया है।
विज्ञापन

लड़की को धमकाने उसके घर पहुंचे लड़के के परिजन
विद्यालय की जिस छात्रा को गेंद लगी थी, उस छात्रा का कहना है कि वह कक्षा में बैठी इतिहास पढ़ रही थी। इस दौरान उसे गेंद आकर लगी। इसकी शिकायत प्राचार्य व डीपीई से की। डीपीई सर ने उस छात्र को कक्षा में ही डांटा। छुट्टी होने के बाद लगभग 20 लोग मेेरे घर आए। इनमें उस लड़के के परिजन व अन्य लोग शामिल थे। इन्होंने मुझे धमकाया।
एसपी से मिला स्कूल स्टाफ व शिक्षक संघ
प्राचार्य रमेश चौहान ने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा से मुलाकात की। इसमें स्कूल स्टाफ के साथ शारीरिक शिक्षक संघ के सदस्य भी शामिल रहे। उन्होंने एसपी को मामले से अवगत कराते हुए गांव में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बनाने की अपील की। एसपी ने गांव का माहौल बेहतर बनाने को लेकर वीरवार से पुलिस के कुछ जवानों की ड्यूटी स्कूल में लगाने का आश्वासन दिया। राइडर से स्कूल के पास गश्त भी लगाना सुनिश्चित किया।
सोशल मीडिया पर छाया मामला
स्कूल के डीपीई के साथ मारपीट का मामला बुधवार को सोशल मीडिया पर छाया रहा। इस पर लोगों ने कमेंट कर अपनी भड़ास निकाली। किसी ने शिक्षकों की पिटाई को गलत बताया तो किसी ने बच्चे को डांटने पर एतराज जताया। इस मुद्दे पर लोग एकमत नजर नहीं आए।
पुलिस ने इन्हें किया गिरफ्तार
डीपीई से मारपीट मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें सुडांना निवासी रोकी, सागर, साहिल, अंकित, राहुल व दीपक शामिल है। इन्हें वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-----
बुधवार सुबह सुंडाना गांव में अध्यापक के साथ मारपीट का मामला सामने आया। इस सूचना पर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और व्यवस्था को संभाला। पीड़ित अध्यापक ने पांच लोगों को नामजद करते हुए शिकायत दी है। इस पर कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन

-भूषण कुमार, चौकी इंचार्ज, काहनौर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें