रोहतक। मुरादपुर टेकना के पास शराब ठेके से 15 हजार रुपये लूटने के बाद मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए आरोपी सुमित व सोमबीर को कलानौर थाना पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश किया। दोनों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूट व चोरी की वारदात में जेल जाने का खुलासा किया। जेल से आने के बाद नशा व शौक पूरा करने के लिए लूट व चोरी की वारदात को अंजाम देने लगे थे। इसमें तीन महीने से दो नाबालिग भी साथ में शामिल थे।
हथियार दिखाकर 21 अगस्त की सुबह मुरादपुर टेकना के पास शराब ठेके से 15 हजार रुपये लूटने के आरोपियों को एवीटी ने नौ घंटे बाद मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। इनको उपचार के बाद शुक्रवार को अदालत में पेश कर किया गया था।
आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। रिमांड पूरा होने के बाद कलानौर थाना पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उनको जेल भेज दिया गया।
कलानौर थाना प्रभारी सुलेंद्र कुमार ने बताया कि आंवल के पास 21 अगस्त की शाम करीब 6 बजे बाइक सवार बदमाशों को एवीटी स्टाफ ने रोका तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुनारिया निवासी सुमित व लाखनमाजरा निवासी सोमबीर को गली लगी थी।
उपचार के बाद आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो उन्होेंने बताया कि वह दो नाबालिग के साथ तीन माह से लूट, चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।