रोहतक। जाट काॅलेज के छात्र 21 वर्षीय केशव को झज्जर रोड पर शिमली गांव के नजदीक नहीं, बल्कि सुखपुरा चौक के नजदीक कार अंदर बहस के दौरान लगी थी। अब पुलिस घायल छात्र के ठीक होने का इंतजार कर रही है, ताकि उसके बयान पर आगे की कार्रवाई की जा सके।
पुलिस के मुताबिक, शिमली गांव निवासी 21 वर्षीय केशव को पीजीआई में दाखिल कराया गया था, जिसके सीने में गोली लगी थी। पीजीआई से मामले की सूचना शिवाजी कॉलोनी थाने में पहुंची। युवक को झज्जर रोड पर बाइक सवार युवकों ने गोली मारी है। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि गोली की घटना सब्जी मंडी थाना एरिया में हुई है। मामले की सूचना सुखपुरा चौकी में दी गई। एसआई हरदयाल सिंह ने मामले की छानबीन की। साथ ही निजी अस्पताल में भर्ती घायल के बयान लेने पुलिस पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने अनफिट करार दिया। इसके बाद पुलिस ने अपने स्तर पर छानबीन की। जांच में पाया कि 5 दिसंबर को एक कार सुखपुरा चौक के नजदीक टॉयर की दुकान के सामने खड़ी थी। कार में सवार युवक आपस में बहस कर रहे थे। तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। इसके बाद युवक कार लेकर चले गए। इसके बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 285,160 व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
वर्जन
जांच में पता चला कि कार के अंदर घायल केशव व अन्य युवक सवार थे, जो आपस में बहस कर रहे थे। अचानक गोली चली और केशव घायल हो गया। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। अब घायल ही बताएगा उसे गोली कैसे लगी।
- एसआई हरदयाल सिंह, जांच अधिकारी, सुखपुरा पुलिस चौकी।