महेंद्रगढ़। विद्यार्थियों को रिज्यूमे निर्माण एवं साक्षात्कार कौशल की जानकारी प्रदान करने के लिए ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) महेंद्रगढ़ में प्रशिक्षण प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को रिज्यूमे निर्माण व साक्षात्कार कौशल से संबंधित विभिन्न नई तकनीकों से अवगत कराना था।
कार्यशाला का आयोजन रूबिकॉन स्किल डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से किया गया। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. विकास गर्ग एवं कार्यशाला के समन्वयक व प्रकोष्ठ के उपनिदेशक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि कार्यशाला के लिए 300 से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया। उन्होंने कहा कि हम विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। डॉ. गर्ग ने बताया कि विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार विद्यार्थियों को डिग्री के साथ-साथ कौशल सम्पन्न बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उनके इन्ही प्रयासों के अंतर्गत ऐसी कार्यशालाओं और गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला की सफलता के लिए प्रशिक्षण प्रकोष्ठ की पूरी टीम डॉ. दिव्या, इंजीनियर तरुण सिंह और डॉ. स्नेहसता बधाई की पात्र हैं।