-फोटो 58 : प्रतियोगिता में बनाए गए पोस्टर दिखाते विद्यार्थी।
बहादुरगढ़। शहर की काठमंडी स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में नगर परिषद के तत्वाधान में स्वच्छता ही सेवा है कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता शपथ एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना और उन्हें समाज में स्वच्छता का दूत बनने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्यातिथि नप के कार्यकारी अधिकारी संजय रोहिल्ला उपस्थित रहे।
उन्होंंने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियोंं को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उनके साथ सेनेटरी इंस्पेक्टर सुनील हुड्डा, कुमारी नेहा, खंड शिक्षा अधिकारी बहादुरगढ़ मुन्नी सहारण, विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. पुष्पा और विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। विद्यार्थियों के बीच पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अपनी अद्भुत कला का प्रदर्शन किया और स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं को दर्शाने वाले आकर्षक पोस्टर बनाए।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उनके पोस्टर्स ने स्वच्छता के प्रति उनके दृष्टिकोण और रचनात्मकता को खूबसूरती से उजागर किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. पुष्पा ने भी स्वच्छता का महत्व बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल बच्चों को नए-नए अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने मिलकर विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की।