पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेते हुए विद्यार्थी। स्रोत: विवि
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से उद्यमिता पखवाड़े के अंतर्गत पोस्टर एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बीजेएमसी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
विभागाध्यक्ष प्रो. निखिलेश यादव ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्यमिता के विभिन्न आयामों को समझने और उन्हें रचनात्मक अभिव्यक्ति के जरिए प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
उन्होंने विद्यार्थियों को कौशल विकास पर ध्यान देने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए केवल पारंपरिक रोजगार पर निर्भर रहने के बजाय अपने कौशल और प्रतिभा के आधार पर नए अवसर तलाशना भी जरूरी है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर तैयार किए और स्लोगन के माध्यम से उद्यमिता से जुड़े विचारों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक, विद्यार्थी और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।