10सीटीके30..एमडीयू के टैगोर सभागार में आयोजित इंडक्शन प्रोग्राम दीप प्रज्वलित करती मुख्यातिथि ड
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर सभागार में आयोजित तीन दिवसीय स्नातकोत्तर (पीजी) इंडक्शन प्रोग्राम दीक्षारंभ 2024 शनिवार को संपन्न हुआ। डीन, स्टूडेंट वेलफेयर, डीन एकेडमिक अफेयर्स व आईक्यूएसी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय पुनर्वास परिषद की अध्यक्ष डॉ. शरणजीत कौर ने की।
मुख्यातिथि डाॅ. शरणजीत कौर ने कहा कि शिक्षा जीवन में सर्वोच्च स्थान दिलाती है। उन्होंने नव प्रवेश प्राप्त विद्यार्थियों से अपने ज्ञान में वृद्धि करने व कार्यों का मूल्यांकन कर अपनी श्रेष्ठता बढ़ाने का आह्वान किया। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अपने सामाजिक सरोकारों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी समाज व राष्ट्र कल्याण के लिए सेवा भाव से कार्य करें। समाज में सभी वर्गों विशेषकर दिव्यांगों को भी साथ लेकर चलें। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और नेक विचार विकसित कर जीवन ने आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने कौशल में निरंतर अभिवृद्धि करने और सर्वांगीण विकास के लिए एमडीयू की विभिन्न गतिविधियों में बढ़चढ़ कर भाग लें।
एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि विद्यार्थी अपने दो साल के पीजी प्रोग्राम के समय को उपयोगी बनाएं। अपने ज्ञान को बढ़ाएं और अपनी सोच को विस्तार दें। उन्होंने विद्यार्थियों से एमडीयू परिसर में बिताए गए उनके हर एक पल को यादगार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सफलता के लिए कड़ी मेहनत करने का मूलमंत्र दिया। इस मौके पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एएस मान, डीन रिसर्च एंड डेवलेपमेंट प्रो. अरुण नंदा, डीएसडब्ल्यू प्रो. रणदीप राणा विशेष तौर पर उपस्थित रहे। इंडक्शन प्रोग्राम आयोजन समिति की संयोजक प्रो. सपना गर्ग ने कार्यक्रम का संयोजन एवं समन्वयन किया। एनएसएस प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. सविता राठी ने प्रारंभ में स्वागत भाषण दिया।
सीसीपीसी निदेशक प्रो. दिव्या मल्हान ने मंच का बखूबी संचालन किया। सीडीएस निदेशक डॉ. प्रतिमा ने आभार प्रदर्शन किया। यूआईईटी की प्राध्यापिका डॉ. कविता ने संचालन सहयोग दिया। सहायक निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी ने समन्वयन सहयोग दिया। आयोजन समिति सदस्यों एवं छात्र कल्याण कार्यालय कर्मियों ने आयोजन सहयोग दिया। इस मौके पर संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक एवं पीजी के नव प्रवेश प्राप्त विद्यार्थी उपस्थित रहे।