रोहतक। एमडीयू के लड़कों के छात्रावास में बुधवार को दोपहर से देर रात तक बिजली गुल रही। इससे आहत विद्यार्थियों ने रात कुलपति निवास के बाहर नारेबाजी कर रोष जताया। बाद में उन्हें व्यवस्था सुचारु बनाने का आश्वासन देकर वापस छात्रावास भेजा गया।
विद्यार्थियों ने कहा कि बुधवार को दोपहर करीब दो बजे लड़कों के छात्रावास में बिजली गुल हो गई। दोपहर को गुल हुई बिजली रात तक भी नहीं आई। गर्मी में बिजली नहीं होने से आहत विद्यार्थी छात्रावास परिसर में इकट्ठा हुए। यहां बिजली गुल होने का कारण जानने का प्रयास किया तो दो छात्रावासों में बिजली सप्लाई सुचारु मिली। जबकि आठ में विद्यार्थी बिजली नहीं होने से परेशान रहे। व्यवस्था को लेकर नाराज विद्यार्थियों ने कुलपति से मिलने का फैसला लिया। इसके चलते सभी देर रात कुलपति निवास के बाहर पहुंचे। यहां सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें बाहर ही रोक लिया। विद्यार्थियों ने विरोध स्वरूप सड़क पर बैठक कर नारेबाजी के जरिए रोष प्रकट किया। बाद में विवि प्रशासन की ओर से उन्हें शीघ्र ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया। इसके कुछ देर बाद ही बिजली सप्लाई सुचारु हो गई। इस कारण विद्यार्थी वापस छात्रावास लौट गए।